Meerut में दिन निकलते ही पुलिस मुठभेड़, मोती कारोबारी के घर डकैती के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

Meerut Encounter News: मोती कारोबारी डकैती में शामिल दो 25 हजार के इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मेरठ। जनपद मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिन निकलते ही पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने मोती कारोबारी के घर डकैती करने वाले दो कुख्यात इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार देर रात सरूरपुर थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्लेटी रंग की आई10 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में वाहन भगाते हुए भोला झाल की ओर भाग निकले। बदमाशों की गतिविधि संदिग्ध लगने पर तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों और थाना जानी पुलिस को दी गई।

Meerut Encounter News

Meerut Encounter News:आश्रम नहर पटरी पर की गई घेराबंदी

सूचना मिलते ही थाना जानी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आश्रम नहर की पटरी पर बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान तेज रफ्तार में भाग रही उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराकर पलट गई

कार के पलटते ही बदमाश बाहर निकलकर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल होने के कारण वे ज्यादा दूर नहीं भाग सके और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

Meerut Encounter News :हथियार, जेवरात और नकदी बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाशों के कब्जे से

  • दो अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस,
  • लूटे गए सोने के तीन टॉप्स/बाला,
  • 10,050 रुपये नकद,
  • तथा डकैती के पैसों से खरीदी गई सेकंड-हैंड आई10 कार बरामद की है।

बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

21 जनवरी को डाली थी डकैती

पूछताछ के दौरान बदमाशों ने कबूल किया कि उन्होंने 21 जनवरी 2026 को अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्राम मुंडाली में मोती कारोबारी शाहजीम के घर डकैती की थी। बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को आतंकित करते हुए नकदी और कीमती जेवरात लूट लिए थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

बदमाशों ने यह भी बताया कि पुलिस की बढ़ती सख्ती और घेराबंदी के कारण वे दिल्ली फरार होने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान

  • सलीम उर्फ सुल्तान उर्फ शेखचिल्ली, पुत्र आबिद, निवासी खिवाई थाना सरूरपुर,
  • दिलशाद उर्फ भूरी, पुत्र हसमत अली, निवासी बहराइच, हाल पता लोनी, गाजियाबाद

के रूप में हुई है। दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी बताए जा रहे हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि इस डकैती में शामिल अन्य बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

मेरठ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Facebook
Twitter
LinkedIn